देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 पेटी (450 टेट्रा पैक) माल्टा मसालेदार देसी शराब बरामद की है। शराब तस्करी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को थाना प्रेमनगर की पुलिस टीम झाझरा चौकी गेट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी संख्या UK-07-HM-2998 पर सवार अर्जुन (32 वर्ष) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में स्कूटी से 10 पेटी अवैध देसी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अर्जुन पुत्र प्रेमचन्द निवासी ग्राम जोवाला, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में भुड़पुर, थाना पटेलनगर, देहरादून में किराये पर रह रहा था।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना प्रेमनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शराब तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दिया गया है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, चौकी प्रभारी झाझरा
कांस्टेबल श्रीकांत मलिक
कांस्टेबल संदीप कुमार
कांस्टेबल बृजमोहन रावत