चमोली। गौचर में नदी में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी SDRF की टीम को सफलता मिल गई है। सघन सर्च अभियान के दौरान टीम ने छिनका गांव के समीप नदी से व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान 47 वर्षीय सुनील आनंद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को चौकी गौचर से SDRF पोस्ट गौचर को सूचना मिली कि गौचर सारी पुल के समीप एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक मंगल सिंह भाकुनी के नेतृत्व में SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर SDRF जवानों ने नदी में सघन सर्च अभियान शुरू किया। नदी का तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां होने के बावजूद टीम ने लगातार तलाश जारी रखी। अभियान के दौरान छिनका गांव के समीप व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया।
मृतक की पहचान सुनील आनंद (47 वर्ष), पुत्र फिरवारी लाल, निवासी ग्राम सारी, नागडंडा के रूप में हुई। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।