कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की तहरीर पर थाना राजपुर पुलिस ने महिला सांसद कंगना रनौत के पुराने वीडियो को कथित रूप से भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को नेहा शर्मा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई कि सांसद कंगना रनौत द्वारा राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना किए जाने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया जा रहा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो को 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखने जैसे कथित झूठे दावों से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है। इससे सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ ही महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं को भी आहत किया जा रहा है।
नेहा शर्मा ने अपनी शिकायत में इसे सुनियोजित तरीके से किया गया कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में मु०अ०सं० 275/26 दर्ज किया है। मामले में आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर जांच तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा वीडियो प्रसारित करने वाली अज्ञात सोशल मीडिया आईडी और उनके संचालकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर जल्द ही उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।