नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस, उपेंद्र नारायण पाण्डेय को मिली जिम्मेदारी; सी. रविशंकर को सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त दायित्व
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह आईएएस अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 17 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के तहत अधिकारियों की वर्तमान तैनाती में संशोधन करते हुए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
शासनादेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा से सचिव, पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है। वहीं आईएएस अधिकारी उपेंद्र नारायण पाण्डेय को सचिव, पंचायती राज विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस अधिकारी सी. रविशंकर को सचिव, सैनिक कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। वहीं आईएएस अधिकारी सुगल किशोर पंत से सचिव, सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है।
इसके अलावा आईएएस अधिकारी विनीत कुमार को निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून तथा प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईएएस अधिकारी सुश्री दीपिका सिंह से निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम का दायित्व वापस लिया गया है। उनके पास खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी बनी रहेगी।
शासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को नई तैनाती के अनुसार तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश अपर सचिव नवनीत पाण्डे की ओर से जारी किया गया है।