हल्द्वानी/मुक्तेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर मुक्तेश्वर में आयोजित गाला डिनर कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे 80 साइकिलिस्टों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रदेश के 10 जनपदों से होकर 658 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी। ऐसे आयोजन उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध लोकसंस्कृति और साहसिक पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ ही स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। राजुला-मालूशाही की प्रेमगाथा पर आधारित नृत्य और कुमाऊंनी छपेली की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।