ऋषिकेश : थाना रानीपोखरी के अर्द्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण जया बलोनी ने सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने 1930, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के कारणों की पड़ताल की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रार्थना पत्र को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में उच्चस्तरीय साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों का उचित रखरखाव करने और सभी रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। थाने में लंबित माल एवं वाहनों से संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए उनका समयबद्ध विधिक निस्तारण करने को कहा। साथ ही एमवी एक्ट, पुलिस अधिनियम एवं अन्य चालानी कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
पुलिसकर्मियों को अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का पाठ
एसपी ग्रामीण जया बलोनी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन में रहकर पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी एवं चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। थाने पहुंचने वाले पीड़ितों को नियमानुसार शत-प्रतिशत सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश, प्रभारी निरीक्षक थाना रानीपोखरी सहित थाने में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।