देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने विभागीय परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
महानिदेशक तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग सरकार की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनीया, अर्चना सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।