देहरादून : आज मुख्यमंत्री आवास में 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण से पूर्व उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया और तत्पश्चात राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने के लिए हम सभी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा।
उत्तराखंड के समग्र, संतुलित एवं सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे तथा जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाया जाए।
स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और संकल्पों का स्मरण कराता है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी एकजुट होकर विकसित भारत और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लें।