मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ, संत रविदास जी महाराज के आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी, हरिद्वार में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने संत रविदास जी महाराज के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून लागू किया गया। यह कार्य प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से हमारी सरकार ने किया है। इसके तहत देवभूमि उत्तराखंड में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। चाहे कोई किसी भी जाति, पंथ या वर्ग से संबंधित हो, कानून की नजर में सभी समान हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के अंतर्गत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिसके तहत विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।