निर्माणाधीन भवन में मिला पंजाब निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी से पहले एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को व्यक्ति का शव चित अवस्था में मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी खून बहा हुआ था।
मृतक की पहचान पंकज मित्तल, उम्र लगभग 52 वर्ष, निवासी गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कराई गई।
प्रारंभिक जांच में पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगी।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।