देहरादून: रायपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि 7 सितंबर को उसके साथ विक्कू और उसके साथियों ने मारपीट की थी, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की सुबह जानिसार खान अपने कमरे में मृत अवस्था में मिला। सूचना के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं, मृतक के परिजन की तहरीर पर थाना रायपुर में आरोपियों के खिलाफ धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए लाडपुर तिराहे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास साहनी उर्फ विक्कू (22) और सोनू साहनी (21) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद 14 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।