डोईवाला के बुल्लावाला में अवैध शराब बिक्री का खुलासा, एक महिला समेत दो गिरफ्तार
ऋषिकेश। अवैध शराब की बिक्री की शिकायत पर आबकारी विभाग की टीम ने डोईवाला क्षेत्र के बुल्लावाला में छापेमारी कर एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दोनों के कब्जे से देशी शराब माल्टा के 100 टेट्रा पैक पाउच बरामद किए गए।
जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने बुल्लावाला क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री करते हुए वीर सिंह पुत्र किशन लाल निवासी बुल्लावाला तथा सोना पत्नी भारत सिंह निवासी बुल्लावाला, कुड़कावाला को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 100 पाउच टेट्रा पैक देशी शराब माल्टा बरामद की। विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभागीय निगरानी और कार्रवाई का महत्व एक बार फिर सामने आया है।