पौड़ी : जिला सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के तहत फार्म फेसिंग पॉलिसी (घेरबाड़ नीति) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रस्तावों की जांच, पात्र लाभार्थियों के चयन, कार्यों की गुणवत्ता, अनुश्रवण और विभागीय कन्वर्जेंस को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सीडीओ को सभी बीडीओ के साथ प्राप्त प्रस्तावों की स्थलीय जांच कराने तथा पूर्व में जिला योजना से कराए गए घेरबाड़ कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और परिणामों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों के चयन में पारदर्शिता और स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा वर्तमान में खेती वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग की संयुक्त एसओपी के अनुरूप योजना के संचालन और अनुश्रवण पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सब्जी और दलहन के बेहतर उत्पादन वाले क्लस्टरों को उत्पादन के आधार पर वाहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला योजना में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
दुग्ध उत्पादन की समीक्षा करते हुए नए दुग्ध मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, डीएम ने एकेश्वर में प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज का कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा। उन्होंने क्षेत्रीय जरूरतों के अनुसार योजनाएं तैयार करने और निर्धारित मानकों व गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में सीडीओ अशोक जोशी, पीडी डीआरडीए केवल कुमार उपाध्याय, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।