टिहरी। जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में आगामी टिहरी लेक फेस्टिवल के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में टिहरी लेक फेस्टिवल के आयोजन की संभावित तिथियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आगामी 18, 19 एवं 20 दिसंबर को फेस्टिवल आयोजित कराने का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में विधायक किशोर उपाध्याय एवं नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत ने सुझाव दिया कि फेस्टिवल का उद्घाटन अथवा समापन समारोह टिहरी मुख्यालय में आयोजित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय कलाकारों को भी फेस्टिवल में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त मंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में फेस्टिवल को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा और स्थानीय सहभागिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।