तीन स्थानों पर छापेमारी कर देसी शराब और अंग्रेजी व्हिस्की के 285 पाउच, क्वार्टर, हाफ व बोतलें बरामद
स्कूटी से शराब तस्करी कर रहा एक आरोपी भी गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज
देहरादून। अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट एवं आबकारी निरीक्षक श्री जयवीर सिंह के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन देहरादून की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
तीन स्थानों पर छापेमारी, तीन आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग की टीम ने 03 नवंबर 2026 को थाना पटेलनगर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कृष्णा देवी पत्नी प्रवीण कुमार की दुकान की तलाशी लेने पर 45 पाउच माल्टा देसी शराब एवं 48 इंपिरियल ब्लू व्हिस्की बरामद की गई।
इसके बाद टीम ने ग्राम भरुवाला, टर्नर रोड निवासी गौरव कुमार पुत्र अनिल कुमार के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 48 क्वार्टर इंपिरियल ब्लू व्हिस्की एवं 45 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद हुई।
वहीं, तीसरी कार्रवाई में रिस्पना पुल, आराघर, नेहरू कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र चंद्रिका राम के घर पर दबिश देकर 55 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद की गई।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं।
स्कूटी से शराब तस्करी करते एक आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग की टीम ने 04 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना राजपुर क्षेत्र के काठ बंगला पुल के समीप चेकिंग के दौरान सफेद रंग की हीरो माइस्ट्रो स्कूटी संख्या UP12AU 1417 को रोककर तलाशी ली।
स्कूटी के पायदान पर रखे बैग से 12 बोतल एवं 24 हाफ रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद हुई। मौके से आरोपी हुकम सिंह पुत्र सपत सिंह निवासी होरी किरसाली, नेचर एन्क्लेव, थाना राजपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
आबकारी विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।