कूड़ा बीनने के बहाने करती थी रेकी, चोरी किए गए दो रेक्टीफायर और 40 मीटर केबल बरामद
करीब 80 हजार रुपये का सामान बरामद, बेचने की फिराक में थी आरोपी महिला
देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल टावर में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए दो रेक्टीफायर और 40 मीटर पावर केबल बरामद की है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को नरेश सिंह, सुपरवाइजर सिक्योरिटी, रॉयल कमांड प्रोटेक्शन ग्रुप की ओर से कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि हरबर्टपुर क्षेत्र में स्थित इंडस कंपनी के मोबाइल टावर से अज्ञात चोर दो रेक्टीफायर और केबल चोरी कर ले गया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 344/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसी दौरान 2 नवंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बीडीएम स्कूल के पास हरबर्टपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध महिला सोनी को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से चोरी किए गए दोनों रेक्टीफायर और 40 मीटर पावर केबल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करती है और इसी दौरान कूड़ा बीनने के बहाने मोबाइल टावर की रेकी कर उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वह चोरी किए गए सामान को बेचने की फिराक में थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान
सोनी पत्नी लखिन्दर साहनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी हत्था कनौजर, थाना गायघाट, बिहार। वर्तमान पता शिवनगर बिहारी बस्ती, सेलाकुई, देहरादून।
बरामदगी
दो रेक्टीफायर
40 मीटर पावर केबल
कुल अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर।
कांस्टेबल रजनीश।
महिला कांस्टेबल कविता रानी।