देहरादून: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा 06 सितंबर 2026 (रविवार) को सेलाकुई में विशाल “बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर” आयोजित किया जाएगा।
शिविर का आयोजन जय कम्युनिटी सेंटर, सेलाकुई तथा पीएम श्री शहीद सत्येन्द्र चौहान अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सेलाकुई के प्रांगण में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श और विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में दिव्यांगता की जांच कर मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। इसके अलावा अस्थिरोग, मानसिक रोग, स्त्री रोग, ईएनटी और फिजिशियन विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श दिया जाएगा। टीबी जांच के लिए मोबाइल वैन, सिकल सेल एनीमिया जांच और पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इसके साथ ही पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड मौके पर बनाए जाएंगे, जबकि निःशुल्क दवा वितरण, बच्चों का टीकाकरण और दृष्टि स्क्रीनिंग की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य एवं विधिक सेवाओं का लाभ उठाएं।