देहरादून: जनपद में उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा और मानक गुणवत्ता का पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पूर्ति विभाग द्वारा पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण लगातार जारी है। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल के नेतृत्व में एक पेट्रोल पंप का आकस्मिक निरीक्षण कर स्टॉक, माप एवं ईंधन की गुणवत्ता की विस्तृत जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान भूमिगत टैंकों में उपलब्ध पेट्रोल-डीजल के स्टॉक का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया गया। वास्तविक स्टॉक और अभिलेखों में दर्ज स्टॉक सही पाया गया। वहीं पेट्रोल एवं डीजल वितरण करने वाले सभी नोजलों की माप की जांच की गई, जिसमें सभी नोजल निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।
टीम ने ई-20 पेट्रोल की गुणवत्ता की भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की। जांच में पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा मानकों के अनुरूप पाई गई। इसके अलावा ईंधन की गुणवत्ता, माप व्यवस्था और स्टॉक रखरखाव से संबंधित अन्य अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप प्रतिनिधि प्रशांत रावत मौजूद रहे और उन्होंने विभागीय टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का औचक एवं नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ईंधन की आपूर्ति, माप अथवा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन निरीक्षणों का उद्देश्य पेट्रोल पंपों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ उपभोक्ताओं के अधिकारों और हितों का संरक्षण करना है।