पात्र बुजुर्गों को पेंशन दिलाने सितंबर में चलेगा विशेष अभियान
देहरादून। जनपद में कोई भी पात्र बुजुर्ग सामाजिक सुरक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन सितंबर माह में वृद्धावस्था पेंशन योजना से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
समाज कल्याण विभाग की योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वृद्धजनों, जिनके परिवार की वार्षिक आय 48 हजार रुपये से अधिक नहीं है, को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती है। पति-पत्नी दोनों के पात्र होने पर परिवार को कुल 3,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन बैंक खाते के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।
डीएम ने कहा कि वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा किसी पात्र व्यक्ति के लिए उपकार नहीं, बल्कि उसका अधिकार है। अभियान के दौरान ऐसे बुजुर्गों को चिन्हित किया जाएगा, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारण से अभी तक पेंशन योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
अभियान के तहत अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में पात्र बुजुर्गों से संपर्क कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे। पात्र व्यक्ति समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट अथवा निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में आवेदन के लिए ग्राम सभा का प्रस्ताव और राजस्व विभाग द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा। पात्र वृद्धजनों के चिन्हीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सितंबर माह में ग्राम पंचायतों की विशेष बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में संबंधित तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र सहित निर्धारित औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों और संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र बुजुर्गों के आवेदन किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए।
प्रशासन ने 30 सितंबर 2026 तक सभी पात्र वृद्धजनों के ऑनलाइन आवेदन नियमानुसार अग्रसारित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 30 सितंबर तक आवेदन करने वाले पात्र वृद्धजनों को अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि का भुगतान नवंबर 2026 तक किए जाने की व्यवस्था की गई है।
अभियान की निगरानी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल को नोडल अधिकारी तथा समस्त सहायक समाज कल्याण अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
डीएम ने व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि “प्रत्येक पात्र वृद्धजन तक पेंशन का लाभ पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि उनके आसपास कोई ऐसा बुजुर्ग है जो वृद्धावस्था पेंशन के लिए पात्र है, लेकिन अभी तक योजना का लाभ नहीं ले रहा है, तो उसकी पहचान कर निकटतम CSC सेंटर अथवा संबंधित कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कराने में सहयोग करें।