शहीद दीवान सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा और बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
कोटाबाग। अमर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी दीवान सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर राजकीय इंटर कॉलेज डौनपरेवा में श्रद्धांजलि सभा एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री दिनेश आर्य सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद दीवान सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया गया तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवार के आश्रितों को सम्मानित किया गया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि 23 अगस्त का दिन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1945 में अंग्रेजों के अत्याचारों के खिलाफ देश के लिए शहीद दीवान सिंह बिष्ट ने अपना बलिदान दिया। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने हिम्मत नहीं खोई। ऐसे वीर शहीद देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
विद्यालय परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में राजस्व, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पूर्ति और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में क्षेत्रवासियों ने रामनगर से डौनपरेवा होते हुए बेतालघाट तक सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। सांसद अजय भट्ट ने मामले पर नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। अधिशासी अभियंता, लोनिवि रामनगर ने बताया कि सड़क के सुधारीकरण के लिए ₹95 करोड़ का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। सांसद ने निर्देश दिए कि धनराशि स्वीकृत होने तक विभागीय बजट से सड़क की मरम्मत और गड्ढामुक्ति का कार्य कराया जाए तथा शीघ्र कार्ययोजना बनाकर काम शुरू किया जाए।
क्षेत्र की अन्य लिंक सड़कों और बरसात से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत की मांग पर ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, आधार बैंक से लिंक न होने के कारण पेंशन नहीं मिलने की शिकायत पर सांसद ने संबंधित विभागों को शिविर लगाकर तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
क्षेत्रवासियों ने अधिक विद्युत बिल, सेठी बेलगांव में कोसी नदी से हो रहे भू-कटाव समेत अन्य समस्याएं भी उठाईं। सांसद ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने विद्यालय में कंप्यूटर की सुविधा के लिए सांसद निधि से ₹2 लाख देने की घोषणा की। विधायक नैनीताल सरिता आर्या ने भी विधायक निधि से ₹2 लाख देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हेम चन्द्र नैनीवाल, ग्राम प्रधान डौनपरेवा दयाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलीक, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।