वीकेंड पर दून पुलिस का ‘नाइट स्ट्राइक’ अभियान, 500 से अधिक लोगों से पूछताछ
देहरादून: वीकेंड के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में नगर एवं देहात क्षेत्र में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 500 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संदिग्ध पाए गए 53 व्यक्तियों को थाने लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ के साथ उनका सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया।
इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर 36 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 46 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय को भेजे गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहनों को सीज किया गया।
एसएसपी देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि रात्रि में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।