Ajay mohan semwal , Dehradun
इंडियन सोसाइटी ऑफ रेडियोग्राफर एंड टेक्नोलॉजिस्ट (ISRT) के उत्तराखंड स्टेट चैप्टर का गठन रविवार को रिस्पना पुल स्थित एक होटल में किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया और प्रदेश में संगठन को मजबूती देने, रेडियोग्राफरों के हक–सम्मान, तकनीकी उन्नयन और प्रशिक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रीय काउंसिल सदस्य पंकज सिंह, नेशनल सेक्रेट्री (ऑपरेशन) कुमार आर. चंद्रन और चंडीगढ़ के जनरल सेक्रेटरी गोपी डोभाल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज के आरएसओ एवं सीपीआरओ महेंद्र भंडारी को स्टेट अध्यक्ष और टिहरी जिला अस्पताल के वरिष्ठ रेडियोग्राफर अभय नेगी को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके साथ ही संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी में निम्न पदाधिकारियों का चयन किया गया—
वरिष्ठ उपाध्यक्ष: अनंत राम उनियाल
उपाध्यक्ष: विनोद तोमर
कोषाध्यक्ष: बीनू परिहार
उपाध्यक्ष (प्रोफेशनल डेवलपमेंट): दिव्या चौहान
उपाध्यक्ष (पब्लिक रिलेशन): संदीप राणा
उपाध्यक्ष (वेलफेयर): प्रशांत जुयाल
उपाध्यक्ष (कोऑर्डिनेशन): रोहित रंजन
प्रवक्ता: जसलीन कौर
वक्ताओं ने कहा कि रेडियोग्राफर आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो पर्दे के पीछे रहते हुए इलाज को सुरक्षित, वैज्ञानिक और प्रभावी बनाते हैं। तेजी से बदल रही तकनीक के अनुरूप रेडियोग्राफरों को निरंतर प्रशिक्षण और अपडेट रहना जरूरी है। संस्था इस दिशा में सम्मेलन, कार्यशाला और तकनीकी सत्रों के माध्यम से सदस्यों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में बताया गया कि संस्था का देशभर में 22 हजार से अधिक सदस्यों का मजबूत नेटवर्क है, जो स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र भंडारी और महामंत्री अभय नेगी ने कहा कि प्रदेश में रोजगार, पदोन्नति, वेतनमान और सेवा संरचना से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। एलाइड हेल्थ प्रोफेशन के विस्तार के साथ अधिक से अधिक रेडियोग्राफरों को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में आनंद कुमार, नवीन पाल, बसंती नेगी, अमन, माजिद, आदित्य नौटियाल, प्रशांत, विनोद चमोली सहित कई सदस्य मौजूद रहे।